Ticker

6/recent/ticker-posts

हथियार के दम पर डीजल चोरी: खड़ी बसों से 300 लीटर डीजल पार

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बुढार थाना क्षेत्र के केशवाही चौकी इलाके में रात बदमाशों ने खड़ी बसों को निशाना बनाते हुए धारदार हथियार की नोक पर करीब 300 लीटर डीजल चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गहरवार कंपनी की बस क्रमांक एमपी 65 जेड ए 7141 और एमपी 65 पी 0178 रोजाना की तरह केशवाही क्षेत्र में राजेश सोनी के घर के सामने खड़ी थीं। रात करीब 1:40 बजे कार में सवार होकर पहुंचे बदमाश बसों से डीजल चोरी करने लगे। उसी दौरान घर में मौजूद राजेश सोनी जब बाहर निकले तो उन्होंने कुछ लोगों को बड़े डिब्बों में डीजल भरते देखा।राजेश सोनी ने जब बदमाशों का विरोध किया तो उन्होंने नुकीला हथियार दिखाकर उसे डराया-धमकाया और मौके से डीजल ले कर बदमाश फरार हो गए। इस दौरान बसों के ड्राइवर और अन्य स्टाफ बस के अंदर ही सो रहे थे, जिससे उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी।

घटना के बाद राजेश सोनी ने तुरंत बस स्टाफ को जानकारी दी। सुबह होते ही बस कंडक्टर दुर्गेश पटेल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के क्षेत्र में जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक दोनों बसें केशवाही से अमरकंटक रूट पर संचालित होती हैं और रोज रात में यहीं खड़ी की जाती हैं। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।

बुढार थाना प्रभारी विनय सिंह गहरवार ने कहा बसों से डीजल चोरी हुआ है। लेकिन किसी हथियार से किसी को डराया दमकाया नहीं गया है।मामले में जांच जारी है।

Post a Comment

0 Comments