Ticker

6/recent/ticker-posts

पारिवारिक विवाद से परेशान युवक ने उठाया खौफनाक कदम, मौत के बाद सड़क पर उतरे परिजन;शहडोल रीवा मार्ग जाम

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र में एक युवक ने पारिवारिक विवाद से परेशान होकर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और पत्नी पर मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार देवलौंद के बाणसागर वार्ड क्रमांक 9 निवासी रवि कचेर का 2 अप्रैल को अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद पत्नी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई और घर न जाकर अपनी परिचित महिला के घर चली गई। अगले दिन रवि कचेर पत्नी को लेने वहां पहुंचा और उसे घर चलने के लिए मनाने लगा, लेकिन पत्नी ने साथ जाने से इनकार कर दिया।

पत्नी के मना करने से आहत रवि कचेर ने गुस्से और मानसिक तनाव में आकर अपनी मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकाला और खुद पर डालकर आग लगा ली। घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई और परिजन तथा स्थानीय लोग उसे गंभीर हालत में देवलौंद अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही और बाद में उसकी मौत हो गई।बताया जा रहा है कि मौत से पहले दिए गए बयान में युवक ने कुछ लोगों पर उसे मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शनिवार को जब युवक का शव देवलौंद लाया गया तो परिजनों और स्थानीय लोगों ने शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर शव रखकर करीब एक घंटे तक चक्काजाम कर दिया और मामले में कार्रवाई की मांग की। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और जांच व उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments