शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने देवलोंद और जैतपुर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए रेत से लदी चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर कई चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
देवलोंद में दो ट्रैक्टर जब्त
देवलोंद थाना पुलिस को झिरिया क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी जिया उल हक ने तत्काल टीम को मौके पर भेजा। पुलिस को देखकर चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। पीछा करने के बावजूद वह पकड़ में नहीं आया। इसके बाद झिरिया दादर के पास भी रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई, जिसका चालक पुलिस को देखकर फरार हो गया। दोनों वाहनों को जब्त कर थाने लाया गया और अज्ञात चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
जैतपुर में भी कार्रवाई
जैतपुर थाना पुलिस ने गाड़ाघाट और तितरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में लगे दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त कीं। पुलिस ने सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। एसपी के निर्देश पर लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। बीते दिनों ब्यौहारी पपौंध में भी कार्यवाही देखने को मिली थी।

0 Comments