Ticker

6/recent/ticker-posts

रेत-कोयला पकड़ते रह गए अफसर, इधर कुएं में मर गया तेंदुआ, गोहपारू वन परिक्षेत्र का मामला



शहडोल। सादिक खान 

 शहडोल। वन विभाग रेत और कोयला पकड़ने की कार्रवाई में उलझा रहा और इधर एक तेंदुए का शावक खुले कुएं में गिरकर मर गया। पांच दिन तक शव कुएं में पड़ा सड़ता रहा, लेकिन वन अमले को इसकी जानकारी तक नहीं लग पाई।

वन विभाग को इस घटना की जानकारी मंगलवार को लगी। बताया जा रहा है कि इलाके में तेज बदबू आने पर वन विभाग के गश्ती दल को शक हुआ। जब उन्होंने कुएं में झांक कर देखा तो पानी में तेंदुए का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल अधिकारियों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और मंगलवार शाम तक शव निकालने और पंचनामा सहित पूरी प्रक्रिया पूरी की गई।

जानकारी के अनुसार गोहपारू वन परिक्षेत्र के पटोरी सर्किल के बीट सकारिया में किसान राम सिंह के खेत में बने खुले कुएं में तेंदुए का शव मिला है। बताया जा रहा है कि कुएं के आसपास कोई बाउंड्री या सुरक्षा दीवार नहीं थी। संभावना जताई जा रही है कि तेंदुआ पानी की तलाश में कुएं के पास पहुंचा होगा और असंतुलित होकर कुएं में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई।

किसान राम सिंह के खेत में फिलहाल कोई फसल नहीं लगी है, जिससे खेत में लोगों का आना-जाना भी कम रहता है। इसी कारण कई दिनों तक किसी को घटना की जानकारी नहीं लग सकी और शव कुएं में ही पड़ा रहा।

इस मामले में रेंजर गोहपारू हेमंत प्रजापति ने बताया कि कुएं में तेंदुए का शव मिला था, जिसका पोस्टमार्टम कराया गया है। प्रथम दृष्टया तेंदुए की मौत कुएं में गिरने से होना प्रतीत हो रही है। मौके पर पगमार्क भी मिले हैं।

Post a Comment

0 Comments