शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जैतपुर की रहस्यमयी घटना के बाद शहडोल पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। नशे के कारोबार पर लगाम कसते हुए ब्यौहारी बस स्टैंड में छापा मारकर दो युवकों को स्मैक के साथ पकड़ लिया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ब्यौहारी बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स के पास दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जिया उल हक ने पुलिस टीम को मौके पर भेज कर घेराबंदी करवाई और दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवकुमार यादव (29) निवासी ग्राम नरवार, थाना पाली, जिला उमरिया और पवन नामदेव (27) निवासी पुरानी बस्ती, थाना कोतवाली, जिला शहडोल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 16.41 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा 1500 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 और 29 के तहत अपराध क्रमांक 281/26 दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी जियाउल हक के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा पुलिस अधीक्षक शहडोल के मार्गदर्शन में की गई।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले जयसिंहनगर क्षेत्र में भी बस के जरिए हेरोइन तस्करी का मामला सामने आया था। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जैतपुर में तस्करों की मौत की घटना सामने नहीं आती, तो शायद पुलिस की कार्रवाई इतनी तेज नहीं होती। हालांकि पुलिस का दावा है कि क्षेत्र में लगातार नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
जैतपुर में तीन लोगों की कुएं में गिर कर मौत का मामला पुलिस ने पूरी तरह नहीं खोला है।

0 Comments