शहडोल। सादिक खान
शहडोल। कोतमा में हुए भयावह इमारत हादसे के बाद हालात का जायजा लेने सांसद हिमाद्री सिंह देर रात सीधे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और डॉक्टरों से उपचार की पूरी जानकारी लेते हुए बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
अनूपपुर जिले के कोतमा में शनिवार शाम अग्रवाल लॉज की तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई थी। हादसे के वक्त वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए, जिससे तीन मजदूरों की इस घटना में मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य करीब 24 घंटे तक लगातार जारी रहा, जिसके बाद घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायलों में से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद शनिवार रात ही शहडोल मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया था। यहां रामकिशोर और जयप्रकाश का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में लगातार जारी है। मेडिकल टीम दोनों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
मंगलवार देर रात अस्पताल पहुंचीं सांसद हिमाद्री सिंह ने मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य में हो रहे सुधार की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से इलाज की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की। प्रभारी अस्पताल अधीक्षक डॉ. विक्रांत कबीरपंथी से बातचीत के दौरान उन्हें बताया गया कि दोनों घायलों की हालत अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही है और वे खतरे से बाहर हैं। यदि स्वास्थ्य में इसी तरह सुधार जारी रहा तो जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।
सांसद ने अस्पताल के अन्य वार्डों का भी निरीक्षण किया और भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और मरीजों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।


0 Comments