शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिले में शुक्रवार देर शाम आया तेज आंधी-तूफान कई परिवारों पर भारी पड़ गया। अमलाई थाना क्षेत्र में तेज हवा और बारिश के बीच हुए हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। वहीं कई गांवों में घरों के छप्पड़ उड़ने से लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

जानकारी के अनुसार अमलाई थाना क्षेत्र के गिरवा गांव में शुक्रवार को साप्ताहिक हाट बाजार लगा हुआ था। देर शाम अचानक तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान बाजार के पास खड़ा एक बड़ा महुआ का पेड़ तेज हवा के कारण गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में सब्जी दुकान लगाकर बैठी महिला सोहागी महरा आ गईं, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

बाजार में मची अफरा-तफरी

घटना के बाद हाट बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज बारिश और आंधी के कारण लोग इधर-उधर जान बचाने के लिए भागते नजर आए। जब मौसम कुछ शांत हुआ तब स्थानीय लोग पेड़ के नीचे दबी महिला को निकालने पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

कई घरों के उड़ गए छप्पड़

वहीं गिरवा के पास स्थित मलाया गांव में भी आंधी-तूफान ने जमकर तबाही मचाई। तेज हवा के कारण राजभान कुशवाहा, सुरेश कुशवाहा सहित आधा दर्जन से अधिक परिवारों के घरों के छप्पड़ उड़ गए। छप्पड़ उड़ने से घरों में पानी भर गया और घरेलू सामान खराब हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि तूफान से हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।

पुलिस ने शुरू की जांच

अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि पेड़ गिरने से महिला की मौत के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं प्रशासन नुकसान का आंकलन करने में जुटा हुआ है।