Ticker

6/recent/ticker-posts

हाइवे किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पहचान और मौत के कारणों की जांच शुरू

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-43 स्थित कोटमा तिराहे के पास सोमवार सुबह सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मौत का कारण अभी अज्ञात है।

पुलिस के अनुसार मृत युवक केवल अंडरवेयर पहने हुए था, जबकि उसके कपड़े पास में पड़े मिले। कपड़ों की तलाशी लेने पर किसी प्रकार के पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं। युवक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में लगी रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवा दिया है, जहां फिलहाल शव सुरक्षित रखवाया गया है।

सोहागपुर थाना पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी जुटाकर युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।

उप निरीक्षक आनंद झरिया ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे सड़क किनारे शव मिलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।

Post a Comment

0 Comments