Ticker

6/recent/ticker-posts

सड़क पर निकला मासूम, गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत, गांव में मातम

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत उफरी गांव में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 वर्षीय मासूम बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना उस समय हुई जब बालक अचानक घर से लगी सड़क पर निकल आया और गैस सिलेंडरों से लदे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। ट्रक ने बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद भागा चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना होते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।

नानी की मौत के बाद मां के साथ आया था उफरी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक बालक की पहचान रितेश कोल पिता राम सिंह कोल उम्र 8 वर्ष निवासी आखेटपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रितेश की नानी, जो उफरी गांव में रहती थीं, उनका लगभग एक माह पहले निधन हो गया था। नानी की मौत के बाद रितेश अपनी मां के साथ उफरी गांव आया हुआ था। रविवार को वह घर के पास खेलते हुए अचानक सड़क पर पहुंच गया, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

परिवार सदमे में, गांव में शोक

मासूम की मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार आवाजाही पर चिंता जताई है।

ब्यौहारी थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को वाहन की जानकारी मिल गई है। जांच जारी है।

Post a Comment

0 Comments