Ticker

6/recent/ticker-posts

ब्यौहारी में दर्दनाक सड़क हादसा: आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, युवक की मौत, दो की हालत गंभीर

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार घटना ब्यौहारी न्यायालय के सामने हुई, जहां आमने-सामने से आ रही दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में सूखा निवासी शिवांश सोनी (19) की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक दोनों मोटरसाइकिलों में कुल छह लोग सवार थे। हादसे में गौरव और बिफूल नामक युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Post a Comment

0 Comments