Ticker

6/recent/ticker-posts

एनएच-43 पर हादसे के बाद बवाल: युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम, पुलिस ने संभला मोर्चा



 शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। बुढार थाना क्षेत्र के लालपुर में एनएच-43 पर शुक्रवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शहडोल-बुढार हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर जाम खुलवाया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान लालपुर निवासी मुकेश साहू के रूप में हुई है। बताया गया कि मुकेश बाइक से शहडोल से अपने घर लालपुर लौट रहा था। इसी दौरान एनएच-43 पर किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर बैठकर चक्का जाम शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन और चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना पर बुढार थाना प्रभारी विनय सिंह गहरवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें शांत कराया। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि दुर्घटना करने वाले वाहन और चालक की जल्द पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद करीब दो घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है तथा फरार वाहन की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments