शहडोल। सादिक खान
शहडोल जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब ब्यौहारी लौट रही बारात की बस अचानक अनियंत्रित होकर महुआ के पेड़ से टकरा गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी बराती सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार ब्यौहारी क्षेत्र के ग्राम जमोड़ी से बारात बहेरिया गई थी। बारात में शामिल दादू एंड संस की बस क्रमांक एमपी 18 पी 0655 बरातियों को वापस जमोड़ी लेकर लौट रही थी। बरातियों का आरोप है कि बस चालक शुक्रवार रात बारात निकासी के दौरान भी शराब पी रहा था। उस समय लोगों के विरोध के बाद उसने शराब पीना बंद कर दिया था, लेकिन शनिवार सुबह भी चालक नशे की हालत में बस चला रहा था।
बरातियों ने बताया कि रास्ते में चालक तेज रफ्तार से बस चला रहा था, तभी अचानक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे महुआ के पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। बाद में दूसरे चालक की व्यवस्था कर सभी बरातियों को सुरक्षित जमोड़ी पहुंचाया गया। घटना को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।


0 Comments