शहडोल। जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अमलाई पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने कशेड नदी से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन किए जा रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में रेत भरी हुई मिली, जिसके संबंध में चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई लखवारिया टोला-खमरौंध मार्ग पर की गई। गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की, जहां रेत का अवैध परिवहन पाया गया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया।
मामले में वाहन चालक एवं मालिक हरदेव सिंह के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। अमलाई थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस गश्त और मुखबिर तंत्र से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

0 Comments