शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। शाम होते ही तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो रही है, वहीं कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। इसी बीच सोहागपुर थाना क्षेत्र के बडखेरा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बडखेरा निवासी धन्नू पाव (50 वर्ष), पिता लेगरा पाव अपने घर के पास मवेशियों को पेड़ के निकट बांध रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। मौसम खराब होने के बीच अचानक आकाशीय बिजली उसी स्थान के आसपास गिर गई, जिसकी चपेट में धन्नू आ गए। बिजली गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो धन्नू अचेत अवस्था में पड़े मिले।
परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सोहागपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
इधर जिले में मौसम के बदले तेवर लोगों के लिए राहत और परेशानी दोनों लेकर आए हैं। बीते कुछ दिनों से तेज हवाओं और रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। हालांकि बारिश थमने और धूप निकलने के बाद उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।

0 Comments