Ticker

6/recent/ticker-posts

खनिज अमला रहा बेखबर, अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई:आईएएस अधिकारी ने खुद मोर्चा संभालकर तीन हाइवा किए जब्त



 शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर लगाम लगाने के लिए आखिरकार प्रशासन को खुद सड़क पर उतरना पड़ा। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद ब्यौहारी क्षेत्र में आईएएस अधिकारी एसडीएम काजोल सिंह ने कार्रवाई करते हुए रेत से भरे तीन वाहनों को जब्त कर लिया, जबकि एक वाहन चालक प्रशासनिक टीम को देखकर बीच सड़क पर ही रेत खाली कर वाहन लेकर फरार हो गया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। यह कार्यवाही ब्यौहारी टोल नाके के पास से की गई है। खास बात तो यह रही की जप्त वाहनों से नंबर प्लेट गायब थी।

जानकारी के अनुसार एसडीएम द्वारा की गई जांच के दौरान पकड़े गए तीनों वाहनों में रेत लोड पाई गई। वाहन चालकों से रेत परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी चालक आवश्यक अनुमति या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वाहनों को जब्त कर तहसील एवं थाना परिसर में खड़ा करा दिया गया।

बताया जा रहा है कि आसपास की नदियों से अवैध रूप से रेत निकालकर उसे रीवा और उत्तर प्रदेश की ओर भेजा जा रहा था। कार्रवाई के दौरान एक वाहन चालक ने जब सड़क पर प्रशासनिक टीम को देखा तो उसने रेत सड़क पर ही अनलोड कर दी और वाहन लेकर मौके से भाग निकला। उसकी तलाश की जा रही है।

गौरतलब है कि शहडोल जिले में वर्तमान में रेत का कोई वैध खनन ठेका संचालित नहीं है। इसके बावजूद दिन-रात रेत से भरे वाहन सड़कों पर दौड़ते दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि जब अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं, तब स्थानीय स्तर पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने में खनिज विभाग नाकाम साबित हुआ है। उल्लेखनीय है कि इसी इलाके में पूर्व में अवैध रेत परिवहन से जुड़े मामलों में एक पटवारी और सहायक उप निरीक्षक की वाहन से कुचलकर हत्या तक हो चुकी है, इसके बावजूद रेत माफिया सक्रिय हैं।

प्रशासन का कहना है कि जब्त वाहनों के मालिकों और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

लोगों ने कहा जैतपुर में तो कई अवैध खदाने संचालित हो रही है। जहां से दिन दहाड़े रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार बुधवार रात जैतपुर नगर में मस्जिद के पास अवैध रेत लेने जा रहे एक वाहन ने बिजली के पोल को तोड़ दिया जिसके बाद मौके पर लोगों ने चालक की पिटाई की थी।पुलिस मौके पर पहुंची थी।

Post a Comment

0 Comments