Ticker

6/recent/ticker-posts

आंगन में सोते रहे घरवाले, चोरों ने साफ कर दिए 7 लाख के जेवर और नकदी

 


शहडोल।सादिक खान 

शहडोल जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र स्थित कनाडी खुर्द गांव में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। घर के आंगन में परिवार गहरी नींद में सोता रहा और अज्ञात चोर मकान में घुसकर करीब 7 लाख रुपये के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह घटना का पता चलने पर परिवार के होश उड़ गए, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार किसान कुंज बिहारी गुप्ता के घर में चोरी की यह वारदात हुई है। पीड़ित किसान ने बताया कि गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य रात में घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस गए। बदमाशों ने पहले चैनल गेट का ताला तोड़ा, फिर कमरे में लगे अन्य तालों को भी तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

किसान कुंज बिहारी गुप्ता के अनुसार चोर लगभग दो किलो चांदी, एक तोला सोना और एक लाख रुपये नकद लेकर भाग गए। उन्होंने बताया कि खेती-किसानी के काम और खाद-बीज खरीदने के लिए एक लाख रुपये घर में रखे थे, जिन्हें भी चोर अपने साथ ले गए। पीड़ित के मुताबिक चोरी गए सामान की कुल कीमत 7 लाख रुपये से अधिक है।

घटना की जानकारी सुबह तब लगी जब परिवार के सदस्य जागे और घर के भीतर सामान बिखरा हुआ देखा। इसके बाद तत्काल जयसिंहनगर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

गौरतलब है कि कुछ समय पहले जैतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रिटायर्ड शिक्षक के घर करीब 70 लाख रुपये की बड़ी चोरी हुई थी, जिसके आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हो सके हैं। ऐसे में जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Post a Comment

0 Comments