शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले में रेत खदानों का वैध ठेका नहीं होने के बावजूद अवैध रेत का कारोबार लगातार जारी है। दिन-रात रेत से भरे वाहन सड़कों पर दौड़ते दिखाई दे रहे हैं, जबकि नदी किनारे कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर रेत का अवैध भंडारण भी किया जा रहा है। प्रशासन की लगातार कार्रवाई के बाद अब खनिज विभाग और पुलिस ने रेत माफियाओं के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
हाल ही में जयसिंहनगर एसडीएम द्वारा ब्यौहारी क्षेत्र में रेत से भरे तीन हाइवा वाहनों को जब्त किया गया था। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने खनिज निरीक्षक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया था कि विभागीय मिलीभगत के कारण अवैध कारोबार फल-फूल रहा है।
इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने ब्यौहारी क्षेत्र के देवी मंदिर और नौडिया इलाके में भारी मात्रा में जमा अवैध रेत पर कार्रवाई की। शुक्रवार शाम से देर रात तक चली कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से रेत को मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जब्त की गई रेत किसकी है, इसकी जांच अभी जारी है। जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर जयसिंहनगर पुलिस ने भी अवैध रेत परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका। जांच में वाहन पूरी तरह रेत से भरा मिला। चालक ने अपना नाम मुकेश मिश्रा (22) निवासी मसीरा, थाना जयसिंहनगर बताया। पुलिस द्वारा रेत परिवहन के वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित अवैध रेत को जब्त कर लिया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


0 Comments