Ticker

6/recent/ticker-posts

एक साल में उखड़ने लगी MPRDC की सड़क, 45 किमी मार्ग पर बने जानलेवा गड्ढे; जिला पंचायत सदस्य ने उठाए सवाल



शहडोल। सादिक खान 

 शहडोल। ब्यौहारी-बंसुकली मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) द्वारा निर्मित इस सड़क को बने अभी लगभग एक वर्ष ही हुआ है, लेकिन कई स्थानों पर बड़े और जानलेवा गड्ढे उभर आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र पटेल ने सड़क की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि लगभग 45 किलोमीटर लंबे ब्यौहारी-बंसुकली मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और आए दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि करीब पांच माह पहले ग्राम सनोसी में सड़क पर बने ऐसे ही एक जानलेवा गड्ढे के कारण एक महिला की मौत हो गई थी। बताया जाता है कि महिला दोपहिया वाहन से जा रही थी, तभी गड्ढे में वाहन उछल गया और वह सड़क पर गिर गई। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई थी। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत और सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

पुष्पेंद्र पटेल ने आरोप लगाया कि न तो निर्माण एजेंसी ने सड़क की गुणवत्ता पर ध्यान दिया और न ही संबंधित विभाग ने समय रहते सुधार कार्य कराया। उनका कहना है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि इतनी कम अवधि में सड़क का उखड़ना और गड्ढों का बन जाना चिंता का विषय है।

स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन और MPRDC से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में ये गड्ढे पानी से भर जाते हैं, जिससे वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। वहीं क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य जल्द शुरू करेगा।



Post a Comment

0 Comments