शहडोल।सादिक खान 


शहडोल। जिले में 28 से 30 जून तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के 1 लाख 39 हजार 742 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा ने बताया कि पहले दिन 28 जून को जिलेभर में बनाए गए पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर छूटे हुए बच्चों को कवर करेंगी।

अभियान को सफल बनाने के लिए जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष बूथ स्थापित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। सीएमएचओ ने कहा कि अभियान के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग ने जिले के नागरिकों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि 28 जून को अपने घर और आसपास के पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर दवा अवश्य पिलवाएं। विभाग का लक्ष्य जिले को पोलियोमुक्त बनाए रखने के साथ प्रत्येक बच्चे तक सुरक्षा कवच पहुंचाना है। अभियान के लिए स्वास्थ्य अमले की विशेष टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है