Ticker

6/recent/ticker-posts

बेटी की शादी के लिए जोड़- जोड़कर रखे थे 80 हजार, चोर घर में घुसा और कर गया सफाया; कुछ घंटों में पुलिस ने दबोचा

 


शहडोल।सादिक खान 

शहडोल। बेटी की शादी के लिए मेहनत से जोड़कर रखे करीब 80 हजार रुपये और चांदी के जेवर एक झटके में घर से गायब हो गए। बुढार थाना क्षेत्र में हुई इस चोरी से विधवा महिला के परिवार में हड़कंप मच गया, लेकिन पुलिस ने भी मामले को चुनौती की तरह लिया। घटना के कुछ ही घंटों में आरोपी को दबोचकर पुलिस ने 61 हजार रुपये नकद और चांदी के जेवर समेत करीब 80 हजार रुपये का चोरी का माल बरामद कर लिया।

बेटी की शादी के लिए पाई-पाई जोड़ रही थी मां

पीड़िता सुमन सोनकर पति स्व. बेटालाल सोनकर, उम्र 40 वर्ष, वार्ड क्रमांक पांच बुढार में रहती हैं। वह मजदूरी कर परिवार चलाती हैं। पुलिस के अनुसार, महिला अपनी बेटी की शादी के लिए थोड़ी-थोड़ी रकम बचाकर घर में रख रही थी। इसी रकम पर चोर की नजर पड़ गई। घटना के बाद जब महिला थाने पहुंची और अपनी फरियाद सुनाई तो वह रो पड़ी। पुलिसकर्मियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।

रात में घर का दरवाजा तोड़कर घुसा था चोर

महिला ने पुलिस को बताया कि वह घर के दूसरे कमरे में सो रही थी। इसी दौरान अज्ञात चोर घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा और करीब 80 हजार रुपये नकद व चांदी के जेवर लेकर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।

दिन में होटल में काम, रात में चोरी

पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश और एसडीओपी विकास पांडे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रजनीश तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को सुनील सिंह पर संदेह हुआ। वह बुढार में एसबीआई बैंक के पीछे वार्ड क्रमांक पांच में रहकर एक होटल में काम करता था। पुलिस के अनुसार, वह दिन में होटल में काम करता और रात में चोरी की वारदात को अंजाम देता था।

61 हजार नकद समेत मशरूका बरामद

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर चोरी गए सामान में से 61 हजार रुपये नकद और चांदी के सामान सहित करीब 80 हजार रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी रजनीश तिवारी सउनि क्लेमेंट जोन, सउनि रविदास, राजा भैया बागरी , प्र. आर. दशरथ प्रजापति, धर्मेन्द्र सिंह. आर, सुरजीत जाट, नरेन्द्र सिंह एवं आर. श्रीकांत की सहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments