शहडोल। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए जिले में 10 दिन का विशेष प्रवर्तन अभियान शुरू किया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर यह अभियान 28 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस चेकिंग कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करेगी।
अभियान के तहत चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट नहीं लगाने और दो पहिया वाहन पर हेलमेट का इस्तेमाल नहीं करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा ओवरस्पीड, बाइक पर तीन सवारी बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने समेत मोटर व्हीकल एक्ट के अन्य प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान ऐसे मामलों में भी कार्रवाई की जाएगी, जिनमें मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालक का लाइसेंस निलंबित करने का प्रावधान है। पात्र मामलों में लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई के लिए भी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। अभियान केवल यातायात थाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों को वाहन चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात थाना प्रभारी अमित विश्वकर्मा ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि चार पहिया वाहन चालक सीट बेल्ट जरूर लगाएं और दो पहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं।
पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर चोट और मौत के मामलों को कम करने में हेलमेट और सीट बेल्ट की अहम भूमिका है। इसी उद्देश्य से विशेष प्रवर्तन के साथ लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।

0 Comments