शहडोल। सोहागपुर थाना क्षेत्र में एनएच-43 पर मेडिकल कॉलेज के पास स्थित ढाबे के सामने भारी वाहनों के खड़े होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सड़क के दोनों ओर ट्रक और अन्य बड़े वाहन खड़े रहने से मेडिकल कॉलेज चौक पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। चौक के पास अंधा मोड़ होने के कारण सामने से आने वाले वाहन स्पष्ट नजर नहीं आते, जिससे मरीजों, परिजनों और मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों को सड़क पार करने में परेशानी हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से यहां भारी वाहन खड़े हो रहे हैं। लोगों ने यातायात पुलिस से ढाबा संचालक को समझाइश देने और सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि चौक के दोनों ओर वाहन खड़े रहने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

इधर, यातायात पुलिस का कहना है कि हाईवे पर खड़े वाहनों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई की जाती है। मेडिकल कॉलेज चौक पर खड़े भारी वाहनों के संबंध में भी सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।