Ticker

6/recent/ticker-posts

शहडोल में दिनदहाड़े 2 लाख की चोरी, बाइक की डिग्गी से नकदी लेकर फरार हुए बदमाश



शहडोल। सादिक खान 

 शहडोल। चौपाटी के सामने दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अज्ञात बदमाश बाइक की डिग्गी से दो लाख रुपये लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार रीवा रोड स्थित सर्किट हाउस के सामने रहने वाले सुनील श्रीवास्तव बैंक से दो लाख रुपये निकालकर अपनी मोटरसाइकिल की डिग्गी में रखकर घर लौट रहे थे। दोपहर करीब चार बजे वह चौपाटी के सामने कुछ सामान खरीदने के लिए रुके और बाइक वहीं खड़ी कर दी। जब कुछ देर बाद वापस लौटे तो देखा कि मोटरसाइकिल की डिग्गी खुली हुई है और उसमें रखी पूरी नकदी गायब थी।

घटना के बाद सुनील श्रीवास्तव ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी को भी चोरी की जानकारी नहीं थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बदमाश पीड़ित की गतिविधियों पर पहले से नजर रखे हुए थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही बैंक और घटनास्थल के बीच के मार्ग की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बड़ी रकम लेकर चलते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें और नकदी को वाहन की डिग्गी में छोड़कर खरीदारी या अन्य कार्य के लिए वाहन से दूर न जाएं। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments