Ticker

6/recent/ticker-posts

जंगल में महिला की रहस्यमयी मौत, टाइगर अटैक या कत्ल? पुलिस-वन विभाग आमने-सामने



शहडोल। सादिक खान 

 शहडोल। जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के अंतौली जंगल में मंगलवार को एक 30 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती चर्चाओं में ग्रामीणों ने घटना को टाइगर अटैक बताया, वहीं पुलिस की ओर से भी पहले टाइगर हमले की आशंका जताई गई। हालांकि, वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अब तक की जांच में टाइगर अटैक की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

महुआ की डोरी बिनने गई थी महिला

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान उमा सिंह (30), निवासी अंतौली के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह वह महुआ की डोरी बिनने जंगल गई थी, लेकिन काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जंगल में उसका शव मिला। शव पर गहरे जख्म होने के कारण ग्रामीणों ने टाइगर के हमले की आशंका जताई।

वन विभाग ने नहीं मानी टाइगर अटैक की बात

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच के बाद अधिकारियों ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर इसे टाइगर अटैक नहीं कहा जा सकता। सूत्रों के अनुसार महिला के शरीर पर मिले चोट के निशान भी टाइगर के पंजों या हमले जैसे प्रतीत नहीं हो रहे हैं। ऐसे में मौत के कारणों को लेकर संदेह बना हुआ है।


पीएम रिपोर्ट से होगा खुलासा

देर रात पुलिस ने शव को जंगल से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जयसिंहनगर थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किसी जंगली जानवर के हमले से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल पुलिस और वन विभाग सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments