शहडोल। सादिक खान
शहडोल। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11/15 स्थित रीवा रोड पर मदन एजेंसी के पीछे की सड़क इन दिनों लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सीवर लाइन बिछाने के दौरान सड़क के बीचों-बीच बड़ा गड्ढा खोदा गया था। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद निर्माण एजेंसी ने गड्ढे को मिट्टी से भर तो दिया, लेकिन सड़क की कंक्रीट मरम्मत नहीं कराई। लगातार हो रही बारिश के कारण पूरी सड़क कीचड़ और फिसलन से भर गई है।
स्थिति यह है कि सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। दोपहिया चार पहिया वाहनों के पहिए बार-बार फिसल रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। सबसे अधिक परेशानी उन स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है, जिन्हें प्रतिदिन इसी मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क दलदल में तब्दील हो जाती है और कई लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।
रहवासियों का आरोप है कि सीवर लाइन का कार्य पूरा होने के बाद सड़क को पूर्व स्थिति में बहाल करने की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की थी, लेकिन केवल खानापूर्ति कर गड्ढा भर दिया गया। इससे सड़क की हालत पहले से भी अधिक खराब हो गई है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क पर कंक्रीट कराकर आवागमन सुगम बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो बारिश के मौसम में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।


0 Comments