Ticker

6/recent/ticker-posts

परिवार सोता रहा, चोर पेटी लेकर हुए फरार; बेटी की शादी के गहने और 2 लाख नकद पार

 


शहडोल।सादिक खान 

शहडोल। ब्यौहारी थाना क्षेत्र के टिहकी गांव में किसान के घर से करीब पांच लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। घटना के समय किसान गया प्रसाद साहू अपनी पत्नी और बेटी के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर का दरवाजा खोलकर अंदर घुसे और कमरे में रखी पेटी उठाकर ले गए। पेटी में बेटी की शादी के लिए बनवाए गए सोने-चांदी के गहने और दो लाख रुपये नकद रखे थे।

पीड़ित किसान गया प्रसाद साहू निवासी टिहकी ने पुलिस को बताया कि उसके दो बेटे बाहर रहते हैं। वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ घर में रहता है। घटना की रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। घर का बाहरी दरवाजा अंदर से बंद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर बदमाश दरवाजा खोलकर घर के अंदर दाखिल हुए और कमरे में रखी पेटी चोरी कर ले गए।

पीड़ित के मुताबिक, पेटी में करीब दो लाख रुपये नकद रखे थे। इसके अलावा अगले साल होने वाली बेटी की शादी के लिए पहले से बनवाकर रखे गए गहने भी उसी पेटी में थे। चोरी हुए नकदी और गहनों की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।

आहट होने पर खुली पत्नी की आंखें

चोरी के दौरान बदमाशों की आहट मिलने पर किसान की पत्नी की आंख खुल गई। उसने घर में हलचल देखी और आवाज लगाई। इस पर बदमाश पेटी लेकर भाग निकले। पीड़ित का कहना है कि बदमाशों ने उसके सास-ससुर के कमरे का दरवाजा भी बाहर से बंद कर दिया था, ताकि वे बाहर न निकल सकें।

घटना के बाद परिवार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर ब्यौहारी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के इलाके में संदिग्धों की जानकारी जुटाने के साथ ही मामले की जांच में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments