शहडोल। सादिक खान
शहडोल जिले के जयसिंहनगर क्षेत्र में अवैध रेत के भंडारण के खिलाफ खनिज एवं राजस्व विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन ने करीब 250 घन मीटर (लगभग 85 ट्रैक्टर-ट्रॉली) अवैध रेत को जेसीबी की मदद से मिट्टी मिलाकर नष्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम बरकछ एवं बराछ क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान ग्राम बराछ स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय दियाटोला के सामने शासकीय भूमि पर लगभग 25 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत अवैध रूप से डंप मिली। टीम ने मौके पर जेसीबी मशीन की मदद से रेत में मिट्टी मिलाकर उसका विनष्टीकरण कराया।
इसके बाद टीम ने ग्राम बराछ स्थित शासकीय मुडुरुवा तालाब के किनारे निरीक्षण किया, जहां करीब 50 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत का अवैध भंडारण पाया गया। अधिकारियों ने यहां भी जेसीबी की सहायता से रेत को मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया, ताकि उसका दोबारा उपयोग न किया जा सके।कार्रवाई के दौरान बराछ से झारोशी मार्ग के किनारे भी लगभग 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत अवैध रूप से रखी मिली। इस रेत को भी मौके पर विनष्ट कर दिया गया।
खनिज विभाग के अनुसार तीन अलग-अलग स्थानों पर कुल 85 ट्रैक्टर-ट्रॉली, लगभग 250 घन मीटर रेत शासकीय भूमि पर अवैध रूप से भंडारित पाई गई थी। पूरी रेत को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
यह संयुक्त कार्रवाई सहायक खनिज अधिकारी अभिषेक पटले एवं जयसिंहनगर के नायब तहसीलदार एस. के. सिंह के नेतृत्व में की गई। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध रेत कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी नियमित निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेगी।

0 Comments