Ticker

6/recent/ticker-posts

तस्करी कर यूपी ले जा रहे थे 37 मवेशी, पुलिस ने दो वाहन पकड़े; 40 लाख का मशरूका जब्त



शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिले में मवेशियों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को पकड़ा है। सीधी थाना पुलिस ने ग्राम कुदरी के जंगल में नाकाबंदी कर एक मिनी ट्रक और एक पिकअप वाहन को रोककर उनमें क्रूरतापूर्वक भरे 37 मवेशियों को बरामद किया। कार्रवाई के दौरान वाहन में सवार चार आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए, जबकि दोनों वाहनों के चालकों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में मवेशियों की अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सीधी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो वाहनों में मवेशियों को भरकर कोतमा से जैतपुर होते हुए उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम कुदरी के जंगल में नाकाबंदी कर वाहनों का इंतजार किया।

कुछ देर बाद संदिग्ध मिनी ट्रक और पिकअप वहां पहुंचे। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोक लिया। पुलिस की नाकाबंदी देखकर वाहनों में सवार चार लोग जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। वहीं दोनों वाहन चालकों को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया।

जांच के दौरान मिनी ट्रक से 32 नग और पिकअप वाहन से 5 नग मवेशी बरामद किए गए। पुलिस ने सभी मवेशियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिनी ट्रक चालक बली खान और पिकअप चालक गुलसेर खान के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मवेशियों को कोतमा से जैतपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, जब्त वाहनों और मवेशियों की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

थाना प्रभारी सीधी शिवेंद्र राम भगत ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई की गई है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जांच में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments