Ticker

6/recent/ticker-posts

पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप, रेत से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त

 

शहडोल। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत देवलोंद पुलिस ने बुढ़वा बस स्टैंड के पास अवैध रूप से रेत का परिवहन करते दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन मालिक और चालकों के खिलाफ खनिज अधिनियम सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार देवलोंद थाना प्रभारी जिया उल हक को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बुढ़वा बस स्टैंड क्षेत्र में दो ट्रैक्टर-ट्रॉली से अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया। पुलिस टीम को देखकर वाहन चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया।

थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहनों से रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन की बात सामने आई है। मामले में वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

जिले में रेत के अवैध कारोबार को लेकर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। कुछ दिन पहले ब्यौहारी थाना क्षेत्र में भी अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। लगातार हो रही कार्रवाई से रेत के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस का कहना है कि बिना वैध अनुमति रेत का उत्खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments