शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जयसिंहनगर ब्लॉक के ग्राम सौता में झापर नदी से कथित अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर ग्रामीणों ने अब खुद मोर्चा संभाल लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव से रेत की चोरी किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे। इसके लिए ग्रामीणों ने दिन और रात अलग-अलग टोलियां बनाकर निगरानी शुरू कर दी है।नदी में ट्रैक्टर रेत लेने पहुंचा तभी गांव के लोग इकट्ठा हो गए और रेत को अनलोड कर ट्रैक्टर ट्राली को चालक वापस ले गया।
ग्रामीणों के मुताबिक रात के अंधेरे में ब्यौहारी क्षेत्र के कुछ लोग ट्रैक्टर भेजकर नदी से रेत निकालते हैं और उसका परिवहन करते हैं। स्थानीय निवासी संजय सिंह ने कहा कि पुलिस की ओर से समय-समय पर कार्रवाई की जाती है, लेकिन खनिज विभाग की कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि गांव के लोगों ने संकल्प लिया है कि अब एक भी ट्रैक्टर को अवैध रूप से रेत लेकर गांव से नहीं निकलने दिया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन की जानकारी कई बार खनिज विभाग को दी गई, लेकिन टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंचती। कुछ दिन पहले अवैध खनन को लेकर एक नेता और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक का वीडियो भी सामने आया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
दिन-रात निगरानी कर रहे ग्रामीण
ग्रामीण अजय ने बताया कि झापर नदी में अवैध रेत उत्खनन रोकने के लिए गांव के लोगों ने अलग-अलग टोली बनाई है। ये टोलियां दिन और रात निगरानी कर रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नदी से बड़े पैमाने पर रेत निकाले जाने से गांव के आसपास के क्षेत्र पर भी असर पड़ रहा है।
खनिज विभाग ने कहा- सूचना पर होती है कार्रवाई
खनिज विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अवैध उत्खनन की जानकारी मिलने पर टीम को मौके पर भेजकर कार्रवाई की जाती है। विभाग के अनुसार कई बार दबिश दी गई है और अवैध रेत के भंडारण को भी नष्ट कराया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।


0 Comments