शहडोल। सादिक खान
शहडोल। सोहागपुर थाना क्षेत्र में बरखेड़ा मार्ग स्थित वन चौकी के सामने तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से मवेशी चरा रहा 40 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे जबलपुर रेफर कर दिया। हालांकि, जबलपुर ले जाते समय रास्ते में एंबुलेंस में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।
पुलिस के अनुसार, सिंदरी भर्री निवासी विश्वनाथ बैगा बरखेड़ा वन चौकी के पास मवेशी चरा रहा था। इसी दौरान सामने से आई तेज रफ्तार बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और बोलेरो को रुकवा लिया। इसके बाद घायल युवक को उसी वाहन से उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
जबलपुर रेफर करने पर रास्ते में हुई मौत
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने घायल विश्वनाथ की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जबलपुर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे एंबुलेंस से जबलपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों और गांव में शोक का माहौल है।
सड़क निर्माण कंपनी में लगी थी बोलेरो
पुलिस के मुताबिक, हादसे में शामिल बोलेरो वाहन बस स्टैंड से चूहरी तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य में लगी कंपनी का बताया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू की।

0 Comments