Ticker

6/recent/ticker-posts

अधूरे ओवरब्रिज के नीचे हादसा, ट्रक-चेसिस की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल

 




शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर अधूरे ओवरब्रिज के नीचे बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बुढ़ार से पाली की ओर जा रही ट्रक-चेसिस की चपेट में आने से बाइक सवार कारण नायक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन को सड़क से नीचे उतारकर मौके से भाग निकला। घायल को स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी, जिन्हें हटाने के लिए डायल 112 पुलिसकर्मी के अलावा थाना स्टाफ से एक आरक्षक ही थाने से पहुंचा था। सोहागपुर थाना से लगभग कुछ मीटर दूर यह घटना घटी लेकिन कोई पुलिस अधिकारी मौके पर नहीं आया ।

 जानकारी के अनुसार, बाइक सवार छतवई की ओर से ओवरब्रिज के नीचे से होते हुए शहडोल आ रहा था। इसी दौरान बुढ़ार से पाली की ओर जा रही ट्रक-चेसिस ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक-चेसिस को थाने ले जाने का प्रयास किया, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त बाइक को थाने ले जाने की तैयारी की जा रही थी।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने अधूरे ओवरब्रिज को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यदि पुल चालू हो गया होता तो बड़े वाहन ऊपर से गुजरते और नीचे छोटे वाहनों के लिए खतरा कम होता। फिलहाल पुल का निर्माण अधूरा होने के कारण भारी वाहन भी नीचे से गुजरते हैं, जिससे बाइक और अन्य छोटे वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुल निर्माण में देरी और संबंधित एजेंसी की कथित लापरवाही के कारण इस मार्ग पर आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। लोगों ने ओवरब्रिज का निर्माण जल्द पूरा कर उसे चालू करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थाने से महज कुछ दूरी पर घटना घटी, लेकिन पुलिस का कोई अधिकारी मौके पर आना उचित नहीं समझा। चुनिंदा पुलिसकर्मियों ने ही मोर्चा संभाला।

Post a Comment

0 Comments