शहडोल। सादिक खान
शहडोल। मेडिकल कॉलेज जाने वाले मार्ग की हालत शुक्रवार के मुकाबले शनिवार सुबह और ज्यादा खराब हो गई। तीन दिनों से लगातार बारिश और निर्माणाधीन सड़क पर उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पूरा मार्ग कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गया है। शनिवार सुबह हालात ऐसे हो गए कि छोटे वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो गया। कई चारपहिया वाहन कीचड़ में फंस गए और उन्हें निकालने के लिए लोगों को मशक्कत करनी पड़ी। मेडिकल कॉलेज जाने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों की गाड़ियां भी इस दलदली सड़क में फंसती नजर आईं।
मार्ग की बदहाली का खामियाजा मरीजों और उनके परिजनों को भी भुगतना पड़ रहा है। अस्पताल पहुंचने के लिए लोगों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। वहीं, रोजाना पैदल मेडिकल कॉलेज आने-जाने वाले एमबीबीएस विद्यार्थियों की परेशानी भी बढ़ गई है। कीचड़ के कारण उनकी यूनिफॉर्म तक खराब हो रही है। शुक्रवार सुबह से ही सड़क की हालत चलने लायक नहीं रह गई थी, लेकिन शनिवार को स्थिति और बिगड़ गई।
सूखी मिट्टी तक नहीं डलवाई गई
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वाहन तक फंस रहे हैं, तब भी जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है। लोगों के मुताबिक, प्रशासन की ओर से अब तक न तो सड़क की मरम्मत कराई गई और न ही कीचड़ से राहत दिलाने के लिए सूखी मिट्टी या मुरम डलवाने की व्यवस्था की गई। लोगों का कहना है कि कम से कम अस्थायी तौर पर रास्ते को चलने लायक बनाया जा सकता है, ताकि मरीजों, डॉक्टरों और विद्यार्थियों को रोजाना इस परेशानी से न गुजरना पड़े।
एक स्थानीय युवक ने कलेक्टर से अपील करते हुए कहा कि साहब, एक बार इस मार्ग पर खुद चलकर देखिए। तब पता चलेगा कि मेडिकल कॉलेज आने-जाने वाले लोगों को कितनी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क को आवागमन के योग्य बनाने की मांग की है।

0 Comments