Ticker

6/recent/ticker-posts

एमबीबीएस के नए विद्यार्थियों ने पहना सफेद कोट, ली चिकित्सकीय नैतिकता की शपथ

 


शहडोल। बिरसा मुंडा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में गुरुवार को एमबीबीएस सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए व्हाइट कोट एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। व्याख्यान कक्ष में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सफेद कोट प्रदान कर चिकित्सा सेवा के प्रति जिम्मेदारी और नैतिकता का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. गिरीश बी. रामटेके, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नागेंद्र सिंह डॉ विक्रांत कबीरपंथी सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, विद्यार्थी और उनके अभिभावक मौजूद रहे।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नागेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सा का पेशा केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, सेवा भावना और मानवीय दृष्टिकोण बेहद जरूरी है। वहीं अधिष्ठाता डॉ. गिरीश बी. रामटेके ने कहा कि चिकित्सक बनना केवल शैक्षणिक उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज और मानवता के प्रति बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण के साथ चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने की सीख दी।

समारोह के मुख्य आकर्षण व्हाइट कोट सेरेमनी में नवप्रवेशित विद्यार्थियों को सफेद कोट पहनाए गए। इसके बाद सभी विद्यार्थियों ने चिकित्सकीय नैतिकता और व्यावसायिक दायित्वों की शपथ ली। उन्होंने मरीजों की गरिमा और गोपनीयता बनाए रखने, बिना किसी भेदभाव के उपचार करने तथा मानवता की सेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।

इस दौरान अभिभावकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। उनके लिए यह पल गौरवपूर्ण रहा। धन्यवाद ज्ञापन और सामूहिक छायाचित्र के साथ समारोह का समापन हुआ।



Post a Comment

0 Comments