शहडोल। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष व नपाध्यक्ष धनपुरी के पति इंद्रजीत सिँह छाबड़ा के खिलाफ धनपुरी थाना में गाली गलौज व धमकी देने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 (ए ) एवं 351 (1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह एफआईआर पत्रकार कैलाश की शिकायत पर दर्ज की गईं है। जिसमें नगर पालिका धनपुरी में किये जा रहे कथित भ्रष्टाचार से संबंधित समाचार के प्रकाशन के बाद नपाध्यक्ष धनपुरी रविंदर कौर छाबड़ा के पति पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिँह छाबड़ा के द्वारा पत्रकार को फोन लगाकर गालियाँ देते हुए डराया धमकाया गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह पेशे से पत्रकार है। उसके द्वारा दिनांक 24 अक्टूबर को नगर पालिका धनपुरी में हो रही अनियमितता से संबंधित एक समाचार का प्रकाशन किया गया था। उक्त समाचार को लेकर श्री छाबड़ा द्वारा मुझे दिनाक 25 अक्टूबर की दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे कॉल करके गालिया देते हुए डराया धमकाया गया। जबकि नपा धनपुरी में हो रही अनियमितता जग जाहिर है। ताजा मामला नगर पालिका धनपुरी द्वारा कर्मचारियों के ड्रेस खरीदी में की गईं अनियमितता से जुड़ा हुआ है। जिसमे हाल ही में नपा धनपुरी द्वारा कर्मचारियो को ड्रेस वितरित किया गया था जबकि उसकी खरीदी की कोई निविदा नही निकाली गई थी। जब अनियमितता का यह मामला समाचार पत्रों के जरिए सामने आया तब टेंडर प्रक्रिया शुरू की गईं। हालाकि बाद में उक्त टेंडर प्रक्रिया को पोर्टल से ही हटा दिए जाने की जानकारी सामने आई है। विदित हो कि नगर पालिका धनपुरी में व्याप्त अनियमितताओं का मामला पूर्व में भी सामने आ चुका है। कई अनियमितताए तो तत्कालीन एसडीएम लोकेश जांगिड़ के द्वारा कराई गईं जांच में प्रमाणित भी हो चुकी हैँ, लेकिन उन फाइलों पर कार्यवाही के बजाए उन्हें दफ़न कर दिया गया है। बहरहाल अब एक बार फिर नगर पालिका धनपुरी में विकास कार्यों के नाम पर की जा रही अनियमितता का मामला उजागर होने लगा है। साथ ही फाइलो में दफ़न हो चुके नपा के पुराने भ्रष्टाचार के मामले फिर से उजागर होने की बातें भी सामने आ रही हैँ।
पेवर ब्लॉक को लेकर जनचर्चा
नगर पालिका धनपुरी द्वारा इन नगर के विभिन्न वार्डो के अंदर कम चौड़ाई की सी सी रोड सड़क के स्थान पर वहाँ पर पेवर ब्लॉक की सड़क बनाई जा रही है। पता चला है कि बिल में बाजार से कई गुना अधिक कीमत पर इन पेवर ब्लॉक की दर्ज है। इसके पीछे मुख्य कारण पैसों का बंदर बाँट किया जाना बताया जा रहा है। साथ ही बात की भी चर्चा है कि सी सी रोड की जगह पेवर ब्लॉक इसलिए सड़कों में लगाया जा रहा है क्योकि उक्त पेवर ब्लॉक स्वयं अध्यक्ष पति इंद्रजीत सिँह छाबड़ा के द्वारा मशीन लगाकर बनवाया जा रहा है। और उसे नगर पालिका में ठेकेदार के माध्यम से सप्लाई किया जा रहा है। इस तरह आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष पति कमीशन के साथ साथ दोहरा आर्थिक लाभ नगर पालिका से प्राप्त कर रहें है।
उप निरीक्षक नागेंद्र सिंह ने कहा पत्रकार कैलाश की शिकायत पर मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।


0 Comments