Ticker

6/recent/ticker-posts

सिंहपुर में चंदन चोर रंगे हाथ गिरफ्तार, 200 किलोमीटर दूर से आकर काटे सात पेड़



 शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। सिंहपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदन की चोरी करने वाले एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सात चंदन के पेड़ जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना सोमवार तड़के की है, जब मंडला जिले से आए चंदन चोर सिंहपुर थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी मंडला जिले से एक बड़े वाहन में सवार होकर करीब 200 किलोमीटर की दूरी तय कर सिंहपुर गांव पहुंचे थे। रतनू कोल के खेत, जो नदी के किनारे स्थित है, वहां पहले से रेकी कर रखी गई थी। तड़के के समय आरोपी खेत में लगे सात चंदन के पेड़ों को काटने लगे। इसी दौरान आरी चलने की आवाज सुनकर ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने तत्काल इसकी सूचना सिंहपुर पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही एक आरोपी वाहन लेकर फरार हो गया, जबकि दूसरा आरोपी भागने में असफल रहा और पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष गोड निवासी देवरी, जिला मंडला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से कटे हुए सात चंदन के पेड़ जब्त किए हैं।

पुलिस ने पीड़ित रतनू कोल की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने पहले से इलाके की रेकी कर रखी थी और दो लोग मिलकर इस चोरी को अंजाम देने आए थे।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के साथ उप निरीक्षक आशीष झरिया की भूमिका अहम रही। उल्लेखनीय है कि शहडोल जिले का सिंहपुर क्षेत्र चंदन की खेती के लिए प्रसिद्ध है, जिसके चलते यहां चंदन चोरों की गतिविधियां सामने आती रहती हैं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चंदन चोरी की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने के लिए लगातार गश्त और निगरानी बढ़ाई जा रही है।

Post a Comment

0 Comments