शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले में सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला जैतपुर थाना क्षेत्र के रसमोहनी पेट्रोल पंप का है, जहां मंगलवार देर रात खड़े एक ट्रक से डीजल चोरी करने पहुंचे बदमाशों की कोशिश ट्रक चालक की सतर्कता के चलते नाकाम हो गई। बदमाश दो अलग-अलग वाहनों में सवार होकर पहुंचे थे, लेकिन घटना को अंजाम देने से पहले ही चालक जाग गया और ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।
ट्रक चालक मनोज शर्मा ने बताया कि वह अनूपपुर जिले के जैतहरी का रहने वाला है। मंगलवार रात वह रसमोहनी में सीमेंट खाली करने के बाद पास ही स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने ट्रक खड़ा कर सो रहा था। रात करीब 12 बजे के बाद दो वाहनों में सवार बदमाश वहां पहुंचे। एक बोलेरो ट्रक के आगे आकर खड़ी हो गई, जबकि दूसरी ओर बदमाशों ने अपनी अर्टिगा कार ट्रक के पीछे खड़ी कर दी। इसके बाद दो बदमाश ट्रक के पास पहुंचे और डीजल टैंक तोड़ने की कोशिश करने लगे।
इसी दौरान आहट से मनोज शर्मा की नींद खुल गई। स्थिति भांपते ही उसने बिना देर किए ट्रक स्टार्ट किया और वहां से तेजी से निकल गया। चालक का कहना है कि पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई है। मनोज ने बताया कि अर्टिगा में सवार बदमाशों ने लगभग 25 किलोमीटर तक उसका पीछा किया, लेकिन उसने ट्रक नहीं रोका और सीधे रामपुर खदान पहुंचकर अपने साथियों के पास ट्रक खड़ा किया, तब जाकर उसने राहत की सांस ली।
मामले को लेकर जैतपुर थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को मिली है। पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि रात्रिकालीन गश्त लगातार की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी ।

0 Comments