Ticker

6/recent/ticker-posts

धुरवार में बड़ा हादसा टला: एनएच-43 पर ट्रक दुकान में घुसा, बॉडी उखड़ कर पलटी



शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। कटनी–अनूपपुर नेशनल हाईवे 43 पर रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब तेज रफ्तार ट्रक हाईवे किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा। घटना थाना सोहागपुर क्षेत्र के धुरवार टोल प्लाजा के पास की है। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि दुकान की दीवार क्षतिग्रस्त हो हुई है।

पुलिस के अनुसार ट्रक कटनी की ओर से बुढार की दिशा में जा रहा था। ट्रक में किराना सामान लोड था। जैसे ही वाहन धुरवार टोल प्लाजा के पास पहुंचा, चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी एक दुकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक की बॉडी चेसिस से अलग होकर पलट गई। हादसे के वक्त दुकान खुली हुई थी और दुकानदार अंदर मौजूद था। सौभाग्य से वह सुरक्षित बच गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

दुर्घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और कुछ ही देर में वहां भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ट्रक को हटवाने और यातायात बहाल कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया हादसा वाहन के अनियंत्रित होने से हुआ प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है और चालक से पूछताछ की जा रही है। हादसे में भले ही कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस घटना ने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



Post a Comment

0 Comments