Ticker

6/recent/ticker-posts

कोटिगढ़ जंगल में भालू के शावक की निर्मम हत्या, वन विभाग की गश्त पर सवाल

 

फाइल फोटो 

शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र के कोटिगढ़ जंगल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां भालू के मात्र दो माह के शावक की टंगी से हमला कर हत्या कर दी गई। यह घटना जिले में हाल ही में हुई दो बाघों की संदिग्ध मौत से पहले की बताई जा रही है, जिससे वन विभाग की कार्यप्रणाली और गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 28 जनवरी को कोटिगढ़ जंगल क्षेत्र में मवेशी चरा रहे एक चरवाहे पर भालू ने हमला कर दिया था। हमले में चरवाहा घायल हो गया, जिसे स्थानीय ग्रामीणों और वन कर्मियों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और भालू को देखने व खदेड़ने के उद्देश्य से जंगल की ओर चले गए।

इसी दौरान ग्रामीणों के समूह में शामिल एक व्यक्ति के हाथ में टंगी (कुल्हाड़ी) थी। बताया गया कि मादा भालू उस समय वहां मौजूद नहीं थी, लेकिन जंगल में उसका एक शावक दिखाई दे गया। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने टंगी से शावक पर हमला कर दिया, जिससे करीब दो माह के मासूम भालू शावक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संबंध में डीएफओ तरुणा वर्मा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गौरतलब है कि यह मामला काफी देर से मीडिया के संज्ञान में आया। दरअसल, दो बाघों की मौत की खबर को लेकर जब मीडिया कर्मियों ने वन विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क किया, तब बुधवार को यह घटना सामने आई। लगातार सामने आ रही वन्यजीवों से जुड़ी घटनाओं ने जयसिंहनगर क्षेत्र में वन विभाग की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

0 Comments