Ticker

6/recent/ticker-posts

घर से लापता नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, जंगल में पेड़ से लटका मिला 10 दिन पुराना शव

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिले के खैरहा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ग्राम हरदी निवासी 23 वर्षीय नवविवाहिता सुमनलता बैगा का शव जंगल में पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। महिला बीते 23 जनवरी से रहस्यमय ढंग से लापता थी। करीब दस दिन बाद शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हर पहलु से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सुमनलता बैगा पति सुरेश कुमार बैगा, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम हरदी 32, थाना खैरहा की रहने वाली थी। 23 जनवरी को वह घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन जब कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने खैरहा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस भी परिजनों के साथ महिला की तलाश में जुटी हुई थी।

सोमवार को ग्राम हरदी से करीब दो किलोमीटर दूर पिपरहा जंगल में मवेशी चरा रहे एक चरवाहे ने जंगल के भीतर एक पेड़ पर महिला का शव फांसी के फंदे में लटका देखा। चरवाहा हरदी गांव का ही रहने वाला था। उसने महिला के पहने कपड़ों से उसकी पहचान की और तुरंत इसकी जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान सुमनलता बैगा के रूप में की। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने पर खैरहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी उमा शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि नवविवाहिता का शव फांसी के फंदे में लटका हुआ मिला है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है।फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments