शहडोल। रिलायंस सीबीएम परियोजना, शहडोल की सीएसआर पहल के अंतर्गत ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित चौथी शहडोल जूनियर फुटबॉल लीग का 28 से 30 जनवरी 2026 तक शासकीय मिडिल स्कूल मैदान, लालपुर में सफल आयोजन किया गया।
समापन समारोह में अतिथियों ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर रिलायंस सीबीएम परियोजना के ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस हेड फणीधर अडला ने मुख्य अतिथि जैतपुर विधायक जयसिंह मरावी का शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
साइट सीएसआर हेड राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता में कुल 30 टीमों ने भाग लिया, जिनमें रिलायंस फाउंडेशन द्वारा संचालित 13 फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्रों की 26 टीमें तथा बिचारपुर, ज्ञानोदय रेलवे और धनपुरी की 4 टीमें शामिल रहीं। लीग में 400 से अधिक ग्रामीण बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।फाइनल मुकाबलों में बालिका वर्ग में रिलायंस फाउंडेशन प्रशिक्षण केंद्र, कन्या शिक्षा परिसर कंचनपुर की टीम विजेता बनी, जबकि बालक वर्ग में रिलायंस फाउंडेशन एकलव्य धुरवार प्रशिक्षण केंद्र की टीम ने खिताब अपने नाम किया।
मुख्य अतिथि विधायक जयसिंह मरावी ने अपने संबोधन में रिलायंस सीबीएम परियोजना के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से शिक्षा और खेल में संतुलन बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विजेता-उपविजेता टीमों, कोचों एवं खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन का संचालन समीम ख़ान ने किया। इस सफल आयोजन में सीएसआर अमितेश पाण्डेय सहित पूरी टीम, प्रशिक्षकों एवं लोकल कैडर्स का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

0 Comments