Ticker

6/recent/ticker-posts

शहडोल में यातायात व्यवस्था ध्वस्त: गांधी चौक से इंदिरा चौक तक हर मिनट जाम, मालवाहक वाहन सवारियां ढोती:पुलिस मौन

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। गांधी चौक से इंदिरा चौक तक आए दिन जाम की स्थिति बन रही है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे अव्यवस्थित खड़े वाहनों और बेतरतीब पार्किंग के कारण हर कुछ मिनट में यातायात ठप हो जा रहा है, लेकिन यातायात विभाग इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा।

शनिवार शाम करीब 7 बजे का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें जय स्तंभ चौक से गांधी चौक होते हुए इंदिरा चौक की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन दिखाई दे रहा है। वाहन में दो दर्जन से अधिक लोग सवार थे। हैरानी की बात यह रही कि यह वाहन यातायात पुलिसकर्मी के सामने से गुजर गया, लेकिन उसे रोकने या कार्रवाई करने की कोई कोशिश नहीं की गई। मालवाहक वाहनों में सवारियां बैठाना नियमों का खुला उल्लंघन है और इससे हादसों की आशंका बनी रहती है।

शहर में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं और यातायात पुलिस समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट नजर आ रही है। नियमों की अनदेखी खुलेआम हो रही है और जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बना हुआ है।

यातायात टीआई को निलंबित करने की उठ चुकी मांग 

पूर्व में बस स्टैंड की अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के चलते एक आरक्षक की मौत के बाद यातायात टीआई को निलंबित करने की मांग उठ चुकी है। इस मामले में राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई थी। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अनुपम गौतम ने प्रेस नोट जारी कर यातायात प्रभारी संजय जायसवाल को निलंबित करने की मांग की थी। शहरवासी अब सख्त कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments