शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दूधी गांव स्थित मुड़ना नाला में बोरे में बंधी अज्ञात युवती की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। रविवार दोपहर खेत में सिंचाई के लिए पंप लगाने गए एक किसान ने नाले में पानी के बीच पड़ा एक बोरा देखा, जिससे तेज बदबू आ रही थी। संदेह होने पर किसान ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरे को खुलवाया तो उसके भीतर करीब 30 वर्षीया अज्ञात युवती का शव मिला। पुलिस के अनुसार शव लगभग तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। बोरा मजबूती से बंधा हुआ था और उसमें पत्थर भी रखे गए थे, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की आशंका जताई जा रही है।घटना की जानकारी लगते ही गांव के लोग भी मौके पर पहुंचे है। मौके पर पुलिस एवं एफएसएल की टीम भी जांच करने पहुंची।
सिंहपुर थाना प्रभारी एम.एल. रहगडाले ने बताया कि युवती के दाहिने हाथ पर “D.R.” गुदा हुआ है, जबकि गदेली (हथेली के पास) पर ‘ॐ’ का निशान बना है। इन चिन्हों के आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि सिंहपुर थाना क्षेत्र में इस उम्र की किसी युवती की गुमशुदगी दर्ज नहीं है, लेकिन कोतवाली थाना में दर्ज एक गुम इंसान की उम्र इस शव से मिलती-जुलती है।
इसकी सूचना संबंधित थाना पुलिस को दे दी गई है।फिलहाल शव को अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में भी गुमशुदगी की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

0 Comments