शहडोल। सादिक खान
शहडोल। भारतीय मजदूर संघ के अधिवेशन में लिए गए निर्णय के तहत राष्ट्रव्यापी आंदोलन की घोषणा के क्रम में भारतीय रेलवे मजदूर संघ ने भी विभिन्न मांगों को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया। इसी कड़ी में बिलासपुर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर संघ द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया।
राष्ट्रीय महामंत्री संतोष पटेल की उपस्थिति में तथा मंडल सचिव प्रोम्पी सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों की लंबित एवं ज्वलंत समस्याएं प्रधान कार्मिक अधिकारी, सचिव महाप्रबंधक एवं मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर के समक्ष विस्तार से रखी गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राकेश साहू ने की। प्रशासन के साथ विभिन्न बिंदुओं पर गंभीर चर्चा हुई और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
संघ की मांग पर मंडल रेल प्रबंधक ने निर्देश दिया कि सर्वाइकल कैंसर के टीके अब केवल बिलासपुर मुख्यालय ही नहीं, बल्कि सभी उप मंडलीय चिकित्सालयों में भी उपलब्ध कराए जाएंगे। रनिंग कर्मचारियों के लिए न्यूनतम माइलेज 120 करने, ओवरटाइम भुगतान, प्राइवेट मेडिकल सुविधा बहाल करने और लंबित ट्रांसफर प्रकरणों के निपटारे की मांग उठाई गई।
C&W विभाग में 12 घंटे ड्यूटी व्यवस्था संतुलित करने, पिट लाइन में जलभराव की समस्या दूर करने, स्टाफ की कमी पूरी करने तथा मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। इंजीनियरिंग विभाग में ट्रैक मेंटेनरों को सेफ्टी गियर और भत्तों के भुगतान की मांग की गई। सिग्नल विभाग में पदोन्नति एवं LDCE परीक्षा नियमित कराने का मुद्दा प्रमुख रहा।
संघ ने स्पष्ट किया कि ये सभी मुद्दे कर्मचारी हित और सुरक्षा से जुड़े हैं। प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संघ ने कहा कि समस्याओं के समाधान तक संघर्ष जारी रहेगा।

0 Comments