Ticker

6/recent/ticker-posts

चाकू चलाकर हैदराबाद भागा, सोशल मीडिया पर भड़काता रहा माहौल; होली पर घर लौटा तो पुलिस ने दबोचा

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। ब्यौहारी में चाकूबाजी कर फरार हुआ आरोपी महीनों तक पुलिस को चकमा देता रहा और हैदराबाद में छिपकर सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालता रहा। लेकिन होली मनाने जैसे ही अपने गांव पहुंचा, पुलिस को भनक लग गई। साइबर टीम की मदद से पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार अक्टूबर माह में ब्यौहारी नगर स्थित जेपी रेस्टोरेंट के पास आरोपी ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 695/2025 के तहत धारा 296, 110, 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन आरोपी लगातार फरार चल रहा था।

थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी होली मनाने के लिए अपने गांव आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने साइबर सेल की मदद से लोकेशन ट्रेस कर नगर में घेराबंदी की और आरोपी सूरज द्विवेदी निवासी ग्राम साखी थाना ब्यौहारी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी मारपीट और चोरी जैसे कई अपराध दर्ज हैं। वहीं हाल ही में सोशल मीडिया पर भड़काऊ मैसेज वायरल करने की शिकायत भी सामने आई थी, जिस पर पुलिस ने अलग से कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जिया उल हक, उपनिरीक्षक मोहन पड़वार, आरक्षक पंकज, आरक्षक विवेक और आरक्षक सूर्या की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ।

Post a Comment

0 Comments