शहडोल। सादिक खान
शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र में परीक्षा परिणाम से निराश एक छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने का हृदयविदारक मामला सामने आया है। दसवीं कक्षा में दो विषयों में पूरक आने से आहत छात्रा ने मानसिक तनाव के चलते यह कदम उठाया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, छात्रा की पहचान टिंकल सिंह कंवर (17) पिता भगवत सिंह, निवासी ग्राम बरई थाना गोहपारू के रूप में हुई है। हाल ही में घोषित हुए दसवीं और बारहवीं के परीक्षा परिणाम में टिंकल को दो विषयों में पूरक मिला था। रिजल्ट देखने के बाद से ही वह काफी गुमसुम और चिंतित रहने लगी थी।
परिजनों ने बताया कि छात्रा के पिता ने उसे समझाने का प्रयास किया था कि पूरक परीक्षा के जरिए उसे दोबारा मौका मिलेगा और वह आगे बेहतर कर सकती है। बावजूद इसके, टिंकल ने इस बात को दिल से लगा लिया और मानसिक तनाव में चली गई। घटना वाले दिन भी वह घर पर चुपचाप थी और कुछ देर बाद अचानक लापता हो गई।
जब काफी देर तक छात्रा घर में नहीं दिखी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर से कुछ दूरी पर स्थित फल्लू बैगा के कुएं में उसका शव मिला। इस घटना से पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया । थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

0 Comments