शहडोल।सादिक खान
शहडोल। मानवीय संवेदनाओं और सेवा भाव की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। बिरसा मुंडा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय (बीएमजीएमसी) शहडोल में आज शिवपाल विश्वकर्मा ने अपनी दिवंगत पत्नी की पावन स्मृति में श्वसन रोग विभाग को नौ व्हीलचेयर भेंट कीं। उनकी पत्नी का उपचार इसी अस्पताल में हुआ था, और उनकी याद में किया गया यह योगदान मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
दान में मिली व्हीलचेयर से अस्पताल में भर्ती मरीजों, विशेषकर गंभीर और चलने-फिरने में असमर्थ रोगियों को काफी सुविधा मिलेगी। इससे न केवल मरीजों के आवागमन में सहूलियत होगी, बल्कि अस्पताल स्टाफ को भी उनकी देखभाल में मदद मिलेगी। श्वसन रोग विभाग में आने वाले मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण यह सहयोग अत्यंत उपयोगी माना जा रहा है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता (डीन) डॉ. जी. बी. रामटेके ने श्री विश्वकर्मा को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक योगदान से न केवल संस्थान को मजबूती मिलती है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना भी बढ़ती है।
विभागाध्यक्ष डॉ. अभिषेक तिवारी, सहायक प्राध्यापक डॉ. राहुल सोनी तथा अस्पताल प्रबंधक डॉ. सबीर खान ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास अन्य लोगों को भी समाज सेवा के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ. नागेंद्र सिंह और उप अधीक्षक डॉ. विक्रांत कबीरपंथी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में श्री शिवपाल विश्वकर्मा के इस सराहनीय कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।


0 Comments