शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले में अवैध रेत उत्खनन का खतरनाक खेल लगातार लोगों की जान ले रहा है। ताजा मामला सोहागपुर थाना के सामने एनएच-43 का है, जहां बीती रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया।
जानकारी के अनुसार, बैजनाथ सिंह के निर्माणाधीन मकान में तीन मजदूर रात में खाना खाने के बाद सोए हुए थे। मृतक की पहचान अशोक वर्मन (35) पिता रमेश वर्मन के रूप में हुई है। बताया गया कि अशोक मकान के रास्ते में ही जमीन पर सो गया था, जबकि उसके दो साथी कुछ दूरी पर सोए हुए थे। देर रात रेत अनलोड करने पहुंचे मिनी ट्रक चालक ने अंधेरे में सो रहे अशोक को नहीं देखा और वाहन उस पर चढ़ाते हुए आगे बढ़ गया। अशोक के शरीर पर टायर चढ़ने के स्पष्ट निशान पाए गए हैं।
सुबह जब अन्य मजदूरों की नींद खुली तो उन्होंने अशोक को मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिस दल ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रत्यक्षदर्शी मजदूर राम जियावन ने बताया कि घर मालिक ने छतवाई निवासी छेकलाल यादव को रेत सप्लाई का काम दिया था। आरोप है कि शहडोल में रेत का वैध ठेका नहीं होने के कारण रात के समय अवैध रूप से रेत गिराई जाती थी। इसी दौरान यह हादसा हुआ। सूत्र बताते है कि नरवार बिजौरी कुंवर सेझा से रेत लोड कर शहर के अलग अलग स्थानों में गिराई जाती है।छेकलाल और स्थानीय माफियों ने काफी मात्रा में यहां जगह जगह रेत का अवैध भंडारण रखा है।
इधर, खनिज विभाग ने बीती रात अवैध रेत परिवहन करते एक मिनी ट्रक को जब्त किया है, जिसे सोहागपुर थाने में खड़ा कराया गया है। बताया जा रहा है कि जब्त वाहन भी छेकलाल यादव का ही है, जिससे मामले में संदेह और गहरा गया है।
थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है तथा वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि चालक को घटना की जानकारी थी या नहीं।
छेकलाल यादव पुराना रेत माफिया
जानकारी के अनुसार छेकलाल यादव पुराना खनन माफिया है।इसके विरुद्ध सोहागपुर थाने में ही कई मामले है। खनिज के मामले में ही पूर्व में यह जेल भी जा चुका है। जानकर बताते है कि नरवार बिजौरी से रेत ले कर मिनी ट्रक यहां पहुंचा था और घटना घटी है। घटना स्थल थाना सोहागपुर से महज कुछ मीटर की दूरी पर है।

0 Comments