शहडोल। जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोनी वार्ड क्रमांक 1 में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक खेत में अज्ञात युवक का शव मिला। जानकारी के अनुसार खेत मालिक बद्री साहू सुबह अपने खेत में पैरा लेने पहुंचा था, तभी उसकी नजर खेत में पड़े एक व्यक्ति पर गई। पहले उसे लगा कि कोई व्यक्ति सो रहा है, लेकिन पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरुण पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही है, हालांकि उसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है। हुलिए से वह मांगकर खाने वाला प्रतीत हो रहा है।
मृतक के गले में सफेद रंग की माला के साथ एक अन्य बाजारू माला है। उसने आसमानी रंग की बनियान और धूसर रंग का लोअर पहन रखा है। दाहिने हाथ की भुजा पर ‘ॐ’ का टैटू और कलाई में माला पहनी हुई है, जबकि गर्दन के दाहिने हिस्से में अंग्रेजी का अक्षर ‘P’ गुदा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।


0 Comments