Ticker

6/recent/ticker-posts

शहडोल बस स्टैंड पर ‘हिप्नोटाइज’ कर महिला की चैन और अंगूठी लेकर बदमाश फरार



शहडोल।सादिक खान 

 शहडोल में रविवार सुबह ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला को दो बदमाशों ने बातों के जाल में फंसाकर सोने की चेन और अंगूठी पार कर दी। बस स्टैंड के पास हुई इस वारदात में बदमाशों ने पहले महिला को रोका, फिर डर और भ्रम पैदा कर उसे ऐसा उलझाया कि वह कुछ समझ ही नहीं पाई और गहने लेकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़िता बविता ठाकुर (49), पति राजकुमार ठाकुर, निवासी शास्त्री नगर शहडोल, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सुबह टहलने निकली थी। इसी दौरान बस स्टैंड के पास दो युवक उससे मिले और बातचीत शुरू कर दी। बदमाशों ने महिला से कहा कि उसके घर पर “गलत साया” है और इसे दूर करने के लिए पूजा करानी जरूरी है। उन्होंने महिला को विश्वास में लेते हुए कहा कि वह अपने गले की सोने की चेन और हाथ की अंगूठी तुरंत उतार दे, ताकि पूजा की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

महिला उनके झांसे में आ गई और अपने गहने उतारकर उन्हें दे दिए। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद महिला को अहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो चुकी है। उसने शोर मचाया और आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

जानकारी के अनुसार, इस तरह की ठगी की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र के गांधी चौक और अंडर ब्रिज इलाके में भी इसी तरह महिलाओं को निशाना बनाया गया था, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

पुलिस जांच में जुटी, लोगों से सतर्क रहने की अपील

मामले में सोहागपुर थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों के झांसे में न आएं और ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Post a Comment

0 Comments